मतगणना स्टाफ की दूसरी रैंडमाइजेशन पूरी, मेयर के लिए 20 और पार्षदों के लिए 15 टेबल तय
संजीव घनगस ,सोनीपत। नगर निकाय चुनावों की मतगणना को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त नेहा सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को मतगणना स्टाफ की द्वितीय रैंडमाइजेशन प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस दौरान काउंटिंग सुपरवाइजर और काउंटिंग असिस्टेंट की नियुक्ति के लिए रैंडमाइजेशन किया गया। प्रत्येक मतगणना टेबल पर दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मेयर पद की मतगणना के लिए 20 टेबलें निर्धारित की गई हैं, जबकि पार्षद पदों की मतगणना 15 टेबलों पर होगी। इसके अलावा वीवीपैट पर्चियों की गिनती के लिए अलग से एक टेबल लगाई जाएगी।
उन्होंने संबंधित एआरओ अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न करवाई जाए। मतगणना का कार्य 13 मई को सुबह 8 बजे मोहाना स्थित बिट्स कॉलेज में शुरू होगा।
बैठक में डीडीईओ सिमरन, एआरओ सुरेंद्र दून, एआरओ मनीष मलिक, डीआईओ विशाल कुमार, निर्वाचन तहसीलदार दिनेश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

मतगणना स्टाफ को दिया गया प्रशिक्षण
मतगणना प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए लघु सचिवालय स्थित क्राफेंस हॉल में मतगणना स्टाफ को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को ईवीएम मशीनों से मतगणना करने की प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियों और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्टाफ को निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी 13 मई को सुबह 6 बजे तक मोहाना स्थित बिट्स कॉलेज पहुंचना सुनिश्चित करें। साथ ही किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट अपने साथ न लाने और निष्पक्षता व पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन की ओर से 12 मई को सुबह 11 बजे बिट्स कॉलेज में एक अतिरिक्त प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया जाएगा।
0 Comments
Related News
Follow Us
Advertisement
Newsletter
for more information contact us

